कई फीट जलभराव से बिगड़े हालात, ग्रामीणों की शिकायत पर विकास खंड कार्यालय ने उठाया कदम, कीचड़ और गंदगी से परेशानी बरकरार
कैराना। क्षेत्र के गांव जगनपुर में गुरुवार को हुई बारिश ने जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। गांव के मुख्य मार्ग पर कई फीट पानी भरने से रास्ता तालाब में तब्दील हो गया। हालात इतने बिगड़े कि बारिश का पानी ग्रामीणों के घरों में घुस गया। समस्या गंभीर होने पर विकास खंड कार्यालय ने ट्रैक्टर के पीछे पंपिंग सेट लगवाकर पानी की निकासी कराई। इससे घरों में जलभराव से राहत मिली, लेकिन मार्ग पर कीचड़ और गंदगी का साम्राज्य बरकरार है।
गांव जगनपुर में लंबे समय से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। गुरुवार को बारिश के बाद स्थिति और विकट हो गई। मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों ने समस्या की शिकायत संबंधित अधिकारियों से करते हुए पानी निकलवाने की मांग की। इसके बाद विकास खंड कार्यालय की ओर से पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालने का कार्य शुरू कराया गया।
एडीईओ राहुल पंवार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर मार्ग से पानी की निकासी कराई गई है।
गौरतलब है कि जलभराव के स्थायी समाधान के लिए गांव में नाला निर्माण कराया जा रहा था, लेकिन निकासी व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों के दो पक्षों में मतभेद के चलते कार्य प्रभावित है। एक पक्ष निर्माण पूरा कराने की मांग कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष नाले का दूषित पानी घरों में घुसने की आशंका जता रहा है।
बुधवार को एसडीएम शिवाजी यादव ने राजस्व टीम के साथ मौके का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता से तकनीकी जांच कराने और रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने की बात कही थी। फिलहाल ग्रामीणों को जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था का इंतजार है।

0 Comments