बाल कटवाने के दौरान बनियान फेंकने पर बवाल, दो भाइयों पर फायरिंग के आरोपी गिरफ्तार

पावटीकलां में मामूली कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष की कोशिश, तमंचे लेकर घर के पास पहुंचे आरोपियों ने चलाई गोलियां


- अंकित और अंकुश पर जानलेवा हमले का आरोप, फायरिंग में बाल-बाल बचे दोनों भाई

- गिरफ्तार सगे भाइयों से मस्कट, तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद

कैराना। नाई की दुकान पर बाल कटवाने के दौरान बनियान फेंकने को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि दो भाइयों की जान पर बन आई। पहले दुकान पर विवाद और हाथापाई हुई, फिर आरोपियों ने तमंचों से लैस होकर घर के पास पहुंचकर दोनों भाइयों पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली लगने से दोनों बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जानलेवा हमले के आरोपी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं।


 कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव पावटीकलां की है। पुलिस के अनुसार, रविवार 18 अक्टूबर को गांव निवासी अंकित पुत्र सुशील और रवि पुत्र राधेश्याम के बीच नाई की दुकान पर बाल कटवाने के दौरान बनियान फेंकने की बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ देर बाद विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

तमंचे लेकर पहुंचे, दोनों भाइयों पर झोंके फायर

आरोप है कि विवाद के बाद रवि अपने भाई रजत के साथ अवैध हथियार लेकर अंकित के घर के पास रास्ते में पहुंचा। वहां दोनों ने गाली-गलौज करते हुए अंकित और उसके भाई अंकुश को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि, दोनों भाई गोलियों की चपेट में आने से बच गए। गोलियों की आवाज और शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

24 घंटे के भीतर पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

घटना के संबंध में अंकित की तहरीर पर कैराना कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। सोमवार को एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दोनों आरोपियों को जन्धेड़ी से बीबीपुर जाने वाले मार्ग पर तिराहे के पास स्थित ट्यूबवेल से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी रवि और रजत पुत्रगण राधेश्याम गांव पावटीकलां के निवासी हैं।

मस्कट और तमंचे सहित कारतूस बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर की एक मस्कट, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, उपनिरीक्षक सतीश सिंह, सुनील कुमार, पीडी शर्मा, हेड कांस्टेबल प्रमेश कुमार, यतेंद्र कुमार, अजय कुमार तथा कांस्टेबल विपिन वर्मा और अरुण कुमार शामिल रहे। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में की गई।

Post a Comment

0 Comments