- हजारों श्रद्धालुओं ने किए माता के दर्शन, जयकारों से गूंज उठा देवी मंदिर परिसर
कैराना। शारदीय नवरात्र की दुर्गा अष्टमी पर रविवार को ऐतिहासिक सिद्धपीठ माता बाला सुंदरी देवी मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। माता रानी के दरबार में छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। वहीं, भक्ति गीतों की मधुर धुन पर महिलाओं ने डांडिया नृत्य कर उत्सव में चार चांद लगा दिए। माता के जयकारों और भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
रविवार को दुर्गा सेवा समिति कैराना के तत्वावधान में देवी मंदिर परिसर में दुर्गा अष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सायं साढ़े छह बजे माता बाला सुंदरी की महाआरती के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके उपरांत माता रानी को छप्पन भोग अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भक्ति के रंग में रंगा देवी मंदिर परिसर
महाआरती के बाद आयोजित डांडिया महोत्सव में महिलाओं ने माता के भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। भक्ति और उल्लास से सराबोर वातावरण में श्रद्धालु देर रात तक उत्सव का आनंद लेते रहे। देवी मंदिर परिसर माता के जयकारों से गुंजायमान रहा। रात्रि साढ़े दस बजे कार्यक्रम का समापन हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रही पुलिस
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। आयोजन को सफल बनाने में दुर्गा सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहयोग किया। इस अवसर पर दीपक कुच्छल उर्फ बबलू, समिति अध्यक्ष प्रदीप गोयल, प्रदीप, अमित गर्ग सहित समस्त सदस्यगण मौजूद रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

0 Comments