कैराना पुलिस ने दो दिन चलाया विशेष अभियान, तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों पर कसा शिकंजा
कैराना। सड़कों पर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वाले बाइक चालकों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया है। दो दिन चले विशेष अभियान के दौरान कैराना कोतवाली पुलिस ने पांच मोटरसाइकिलों के विरुद्ध कार्रवाई की। इनमें तीन बुलेट बाइक भी शामिल हैं। पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर नहीं लगाने की चेतावनी दी है।
पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में 16 व 17 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाली मोटरसाइकिलों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में आई मोटरसाइकिलों में बजाज सीटी-100, हीरो स्प्लेंडर प्लस और तीन रॉयल एनफील्ड बुलेट शामिल हैं। इनमें एक बुलेट बिना नंबर प्लेट की थी।
तेज आवाज वाले साइलेंसर न लगाने की अपील
पुलिस ने बताया कि कुछ बाइक चालक वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगवाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालते हैं। इससे राहगीरों के अलावा बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को परेशानी होती है। साथ ही ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है।
पुलिस ने वाहन स्वामियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर का इस्तेमाल करने और वाहनों में अनधिकृत बदलाव नहीं कराने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा तेज आवाज वाले साइलेंसर का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

0 Comments