कैराना निवासी बाइक सवार युवक को पानीपत में अज्ञात वाहन ने कुचला, दर्दनाक मौत



फैक्ट्री में मैनेजमेंट का कार्य करता था 25 वर्षीय अफसरुन, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिजनों में मचा कोहराम

कैराना। हरियाणा के पानीपत में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कैराना निवासी 25 वर्षीय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक पानीपत स्थित एक फैक्ट्री में मैनेजमेंट का कार्य करता था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। युवक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है।

कैराना निवासी 25 वर्षीय अफसरुन पुत्र इकबाल उर्फ बाला हरियाणा के पानीपत में स्थित एक फैक्ट्री में मैनेजमेंट का कार्य करता था। बताया गया है कि वह बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान पानीपत के गांव बबेल के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन की चपेट में आने से अफसरुन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में पानीपत पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया है कि अफसरुन की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी। वह दो छोटे बच्चों का पिता था। अचानक हुए हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। युवक की असमय मौत से परिजनों और परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है।

Post a Comment

0 Comments