कूड़े-करकट से अटे नालों ने खोली पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल, मकानों के आसपास खाली प्लॉटों में पानी भरने से नींव को खतरे की आशंका
कैराना। गुरुवार सुबह अचानक बदले मौसम के मिजाज के बाद हुई तेज बारिश ने नगर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के चलते मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भारी जलभराव हो गया। कई स्थानों पर सड़कें नालों जैसी दिखाई देने लगीं। वहीं, कूड़े-करकट से अटे नाले ओवरफ्लो होने से मकानों के आसपास खाली प्लॉटों में पानी भर गया। इससे व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गुरुवार सुबह करीब नौ बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण नगर के चौक बाजार, ईदगाह मार्ग, घोसा चुंगी और खुरगान मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर कई फीट तक पानी जमा हो गया। मुख्य बाजार के रास्ते नालों में तब्दील नजर आए। सड़कों पर जलभराव के चलते व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतें उठानी पड़ीं। वहीं, कूड़े-करकट से लबालब नालों ने नगर पालिका के सफाई अभियान और जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
--
खाली प्लॉटों में जलभराव से मकानों की नींव को खतरे की आशंका
उधर, पानीपत नेशनल हाईवे अंडरपास के निकट पंजीठ मार्ग पर नगर पालिका का नाला ओवरफ्लो होने से मकानों के आसपास स्थित खाली प्लॉटों में पानी भर गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा हो रहा है। इससे मकानों की नींव कमजोर होने और भवनों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। वहीं, लगातार बारिश होने की स्थिति में पानी घरों के भीतर घुसने का भी खतरा जताया जा रहा है।
स्थानीय निवासी शाहनवाज, शमशाद, साजिद, यासीन, फाजिल, शकील, रहीश, सालिम, शब्बीर, गुल्लू, जनाब, मेनाब, शाकिब, यामीन और महबूब सहित अन्य लोगों ने पालिका प्रशासन से नाले की जलनिकासी दुरुस्त कराने और खाली प्लॉटों में जमा पानी निकलवाने की मांग की है।
--
नाला सफाई अभियान जारी, रुकावट होगी दूर : सफाई लिपिक
नगर पालिका के सफाई लिपिक ने बताया कि पूर्व में व्यापक अभियान चलाकर नालों से सिल्ट और कूड़ा-करकट साफ कराया गया था। नाला सफाई अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर जलनिकासी में रुकावट मिलेगी, वहां सफाई कर्मचारियों की टीम भेजकर अवरोध दूर कराया जाएगा।
फिलहाल बारिश के बाद नगर के प्रमुख मार्गों पर जलभराव और मकानों के आसपास खाली प्लॉटों में जमा पानी ने नगरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करना नगर पालिका प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

0 Comments