सेवा संकल्प अभियान में एवरग्रीन पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन- निबंध, कला और भाषण—तीनों प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने हासिल किया प्रथम स्थान


कैराना। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर आयोजित निबंध, कला एवं भाषण प्रतियोगिताओं में एवरग्रीन पब्लिक स्कूल कैराना की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच एवरग्रीन पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।

भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 9 की छात्रा आयशा पुत्री इनायतुल्ला ने प्रभावशाली वक्तव्य और दमदार प्रस्तुति के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 9 की छात्रा सारा पुत्री सरफराज ने विचारों की स्पष्टता और लेखन प्रतिभा के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया।

इसी क्रम में कला प्रतियोगिता में कक्षा 7 की छात्रा जैनब पुत्री उस्मान ने अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य इस्तखार अहमद एवं प्रबंधक अफजाल सैफी ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास को भी निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
विद्यालय परिवार ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके अभिभावकों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को भी बधाई दी। साथ ही प्रतियोगिताओं में विशेष सहयोग के लिए गीता एवं रूशदा का आभार व्यक्त किया गया।

Post a Comment

0 Comments