कैराना। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की ओर से आगामी 6 अक्टूबर को जनपद शामली में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को गांव भूरा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
गांव भूरा में चौधरी हरपाल सिंह के आवास पर आयोजित बैठक में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के जिलाध्यक्ष मास्टर श्रीपाल आर्य, संरक्षक एडवोकेट करतार सिंह तथा असलम प्रधान सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। पदाधिकारियों ने गांव-गांव संपर्क कर समाज के लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चन्द भाटी तथा संरक्षक डॉ. यशवीर सिंह के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों से जिम्मेदारी के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की गई।
जिलाध्यक्ष मास्टर श्रीपाल आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 6 अक्टूबर को जनपद शामली में शामली-कैराना मार्ग स्थित किसी मैरेज होम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि स्थान फाइनल होते ही संगठन के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों को इसकी सूचना दे दी जाएगी।
इसके अलावा बैठक में आगामी 27 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले पटेल जयंती समारोह में बड़ी संख्या में भागीदारी करने पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि समारोह में अधिक से अधिक लोगों को शामिल कराने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज किया जाएगा। बैठक के दौरान संगठन की एकजुटता, विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर रविंद्र प्रधान, पिंकी प्रधान, हरपाल सिंह, आरिफ प्रधान, बिलाल प्रधान, मास्टर हारून, मास्टर गुलाब सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Comments