30 घंटे बाद यमुना से मिला 11वीं के छात्र विमल का शवचचेरे भाई को बचाने के प्रयास में गहरे पानी में समाया था युवक, 500 मीटर दूर गोताखोरों ने किया बरामद


दस वर्षीय जुनेद ने विवेक को बचाया, परिजन रातभर यमुना किनारे लगाए रहे सकुशल वापसी की आस
कैराना। परिवार के साथ यमुना स्नान करने आए 18 वर्षीय छात्र विमल का शव करीब 30 घंटे बाद रविवार दोपहर गोताखोरों ने बरामद कर लिया। विमल अपने नौ वर्षीय चचेरे भाई विवेक को डूबता देखकर बचाने के लिए आगे बढ़ा था, लेकिन स्वयं गहरे पानी में समा गया। रविवार को यमुना ब्रिज से करीब 500 मीटर की दूरी पर उसका शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हरियाणा के पानीपत से विमल अपने चचेरे भाई विवेक और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ यमुना स्नान के लिए आया था। परिवार के सदस्य हरियाणा की ओर यमुना में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान विवेक गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए विमल आगे बढ़ा, लेकिन वह भी गहरे पानी की चपेट में आ गया।
बताया गया कि मौके पर मौजूद दस वर्षीय जुनेद ने साहस दिखाते हुए यमुना में उतरकर विवेक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि विमल पानी में लापता हो गया। सूचना पर यमुना ब्रिज पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई।
घटना की जानकारी पर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, सीओ हेमंत कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार भी यमुना ब्रिज पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में निजी गोताखोरों ने ऑक्सीजन सिलेंडर की सहायता से गहरे पानी में सर्च अभियान चलाया, लेकिन शनिवार को विमल का पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह करीब दस बजे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने पुनः मौके पर पहुंचकर गोताखोरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दोपहर करीब तीन बजे सर्च अभियान के दौरान यमुना ब्रिज से लगभग 500 मीटर दूर विमल का शव बरामद हो गया।
करीब 30 घंटे से यमुना किनारे बैठे परिजन उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए थे। शव मिलने पर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। विमल 11वीं कक्षा का छात्र था। उसका परिवार मूलरूप से बरेली जनपद के गांव मंसापुरा का निवासी है और वर्तमान में पानीपत के तहसील कैंप में रहता है। उसके पिता नरदेव रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
शव बरामद होने के बाद यमुना ब्रिज पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार, कांस्टेबल रामकुमार सहित पुलिसकर्मी अग्रिम कार्रवाई में जुटे रहे। वहीं लेखपाल यमुना प्रसाद सहित राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

Post a Comment

0 Comments