कैराना-कांधला मार्ग पर स्थित मानव चेतना केंद्र ऊंचागांव में समस्त ग्रामवासियों की ओर से आयोजित साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा में शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा। स्वामी श्री ब्रह्मस्वरूपानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा का श्रवण कर धर्मलाभ उठाया।
शुक्रवार शाम करीब पांच बजे पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी एवं भाजपा नेता अनिल चौहान भी कथा में शामिल हुए। स्वामी श्री ब्रह्मस्वरूपानंद महाराज ने दोनों अतिथियों को पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज को धर्म, संस्कार, सद्भाव और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला माध्यम है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को हमारी सनातन संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन के लिए समस्त ग्रामवासियों की सराहना करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कथा के दौरान स्वामी श्री ब्रह्मस्वरूपानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति के साथ सत्य, धर्म और सत्कर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

0 Comments