कैराना। सड़कों पर पिकअप गाड़ी चलाकर अपनी मेहनत और हौसले के दम पर सोशल मीडिया पर पहचान बनाने वाली हरियाणा की चर्चित ‘ड्राइवर छोरी’ निशु देशवाल अब शिवभक्ति के रंग में नजर आईं। हरिद्वार से अपने भाई के साथ पहली कलश कांवड़ लेकर निकलीं निशु शुक्रवार को कैराना पहुंचीं। कांवड़ लेकर पैदल चल रहीं निशु का अंदाज लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
हरियाणा के जींद जिले के गांव हाडवा निवासी निशु देशवाल ने बताया कि उन्होंने एक अगस्त को हरिद्वार की हरकी पौड़ी से पवित्र गंगाजल उठाया था। इसके बाद भाई के साथ पैदल यात्रा करते हुए वह अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही हैं। भाई-बहन की यह पहली कलश कांवड़ यात्रा है।
निशु देशवाल पिकअप गाड़ी चलाकर किराया ढोने और अपनी मेहनत के बल पर आत्मनिर्भर बनने को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चित हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान भी उन्होंने लड़कियों और महिलाओं को मेहनत से पीछे नहीं हटने तथा आत्मनिर्भर बनकर अपनी अलग पहचान बनाने का संदेश दिया।
निशु ने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। मेहनत और हौसले के साथ आगे बढ़ें तो वे अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार और समाज में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
बारिश के बीच कंधे पर कलश कांवड़ और जुबां पर भगवान शिव का जयकारा लगाते हुए आगे बढ़ रहीं ‘ड्राइवर छोरी’ को देखकर राहगीरों और शिवभक्तों ने भी उनके हौसले की सराहना की। स्टीयरिंग से पहचान बनाने वाली निशु की शिवभक्ति और आत्मनिर्भरता का संदेश कैराना में चर्चा का विषय बना रहा।

0 Comments