बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत किशोरी क्लब की स्थापना



बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बुधवार को जगवती जगबीर्स गर्ल्स इंटर कॉलेज, बुटराडा में किशोरी क्लब की स्थापना की गई। महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 125 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। क्लब का उद्देश्य बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सर्वांगीण विकास के साथ शिक्षा और खेलों के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता, पौष्टिक आहार, मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल एवं साइबर सुरक्षा तथा जीवन कौशल की जानकारी दी। प्रधानाचार्य रामपाल सिंह जांगड़ा की अध्यक्षता में छात्राओं के पांच-पांच सदस्यीय समूह बनाकर किशोरी क्लब गठित किए गए। साथ ही कैरम बोर्ड, शतरंज, लूडो, हॉकी, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल सामग्री भी वितरित की गई।
महिला कल्याण विभाग के जेंडर स्पेशलिस्ट कुलदीप शर्मा ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, तकनीक और रक्षा सहित हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। सहायक लेखाकार अंकित कुमार ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, वन स्टॉप सेंटर तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई।
थाना बाबरी की मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति केंद्र और शिकायत निवारण प्रक्रिया से अवगत कराया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों ने महिलाओं के कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग, मिशन शक्ति टीम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों के साथ विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Post a Comment

0 Comments