थाना बाबरी की साइबर हेल्पडेस्क टीम की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार एक युवक के 41 हजार रुपये वापस करा दिए गए। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने बाबरी पुलिस और साइबर हेल्पडेस्क टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस के अनुसार बाबरी निवासी हितेश कान्त शर्मा पुत्र तुषार कान्त शर्मा ने 11 जून 2026 को साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात साइबर ठग ने ऑनलाइन माध्यम से उनके खाते से 41 हजार रुपये की ठगी कर ली।
शिकायत मिलते ही थाना बाबरी की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने तत्काल तकनीकी एवं विधिक कार्रवाई शुरू की। टीम ने संबंधित बैंक और अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर धनराशि को ट्रेस कराया। लगातार प्रयासों के बाद बुधवार को पीड़ित के पूरे 41 हजार रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दिए गए।
राशि वापस मिलने पर हितेश कान्त शर्मा थाना बाबरी पहुंचे और साइबर हेल्पडेस्क टीम का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उन्हें समय पर राहत मिल सकी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर धनराशि ट्रांसफर न करें। संदिग्ध लिंक, मोबाइल कॉल, व्हाट्सएप संदेश, सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश, लॉटरी, केवाईसी अपडेट, पार्ट-टाइम जॉब या अन्य आकर्षक ऑफर के झांसे में आने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in पोर्टल तथा निकटतम थाना या साइबर हेल्पडेस्क से संपर्क करें।

0 Comments