क्षेत्र के गांव बुटराडा निवासी युवक की दुबई में निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में मौत के बाद बुधवार को उसका शव गांव पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। जनाजे की नमाज के बाद युवक को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने नम आंखों से उसे विदा किया।
जानकारी के अनुसार गांव बुटराडा निवासी 21 वर्षीय सोनू पुत्र गफ्फार अपने ननिहाल में रहकर परिवार का सहारा बनने के लिए दुबई में एक निर्माण कंपनी में राजमिस्त्री के रूप में कार्यरत था। बीती 20 जून को वह निर्माणाधीन इमारत की दसवीं मंजिल पर काम कर रहा था। इसी दौरान कार्यस्थल पर लगा पैड अचानक टूट गया, जिससे वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद निर्माण कंपनी ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सभी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कराईं। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने शव दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिजनों को सौंप दिया। बुधवार को परिजन शव लेकर गांव पहुंचे, जहां अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों का तांता लग गया।
शव के घर पहुंचते ही मृतक की मां और पत्नी का विलाप सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। सोनू की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उसकी कोई संतान नहीं है। परिवार में उसकी मां और पत्नी ही हैं। गांव और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
जनाजे की नमाज अदा किए जाने के बाद सोनू को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान पूरा गांव गमगीन नजर आया और हर आंख नम थी। युवक की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

0 Comments