गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में लगी आग


कैराना। क्षेत्र के गांव मलकपुर में बुधवार सुबह गैस चूल्हे पर खाना बनाते समय सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पड़ोसियों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


जानकारी के अनुसार, गांव मलकपुर निवासी बिच्छू पुत्र गेंदा की पत्नी शिमला सुबह करीब 10 बजे रसोई में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में आग भड़क उठी। आग की लपटें उठते ही परिवार के लोग घबरा गए और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बालू-रेत डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीण आग बुझा चुके थे। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस एवं दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Post a Comment

0 Comments