कैराना। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दृष्टिबाधित युवक के मकान की कच्ची छत भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई उसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आर्थिक सहायता की मांग करते हुए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
क्षेत्र के गांव बसेड़ा में 22 वर्षीय दृष्टिबाधित इलियास पुत्र स्वर्गीय इस्ताक अपनी माता दीनी के साथ रहता है। बुधवार को हुई बारिश के दौरान उसके मकान के एक कमरे की कच्ची छत अचानक भरभराकर गिर गई। छत गिरने से कमरे में रखा घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पहले से आर्थिक तंगी झेल रहे परिवार को अतिरिक्त नुकसान उठाना पड़ा। पीड़ित इलियास ने प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त मकान के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
तहसीलदार अर्जुन सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच के लिए संबंधित लेखपाल को मौके पर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद शासन के नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई कर पीड़ित को राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

0 Comments