कैराना। विकास खंड कैराना के गांव बराला में प्राथमिक विद्यालय के समीप सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों, स्कूली छात्र-छात्राओं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद मार्ग पर कीचड़ और जलभराव होने से आवागमन दूभर हो गया है। वहीं सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन और बीच मार्ग में लगे विद्युत पोल के कारण हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम प्रधान द्वारा सड़क निर्माण के लिए पुराने मार्ग को उखड़वा दिया गया था, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। परिणामस्वरूप मार्ग लंबे समय से अधूरा पड़ा है। मंगलवार को हुई बारिश के बाद सड़क दलदल में तब्दील हो गई, जिससे विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं सहित ग्रामीणों को फिसलन और जलभराव के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण हाईटेंशन लाइन और बिजली के पोल के आसपास करंट फैलने की आशंका बनी रहती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। एडीओ पंचायत राहुल सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराकर मार्ग को पक्का कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
---

0 Comments