कैराना। सहारनपुर एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को कैराना तहसील में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) धर्मवीर सिंह को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई टीम प्रभारी कुंधलबीर सिंह के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बेदखेड़ी निवासी किसान श्रीनिवास की भूमि की पैमाइश के आदेश एसडीएम कैराना द्वारा जारी किए गए थे। आरोप है कि पैमाइश कराने के एवज में राजस्व निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने किसान श्रीनिवास से 6 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। किसान ने इसकी शिकायत सहारनपुर एंटी करप्शन संगठन से की।
शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। बुधवार को जैसे ही किसान श्रीनिवास ने राजस्व निरीक्षक को रिश्वत की राशि दी, टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान एंटी करप्शन टीम ने तहसील में कार्यरत एक प्राइवेट कर्मचारी से भी पूछताछ की। इसके बाद आरोपी राजस्व निरीक्षक को अपने साथ ले जाकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने सहित अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई से कैराना तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारी, अधिवक्ता और फरियादी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। पूरे दिन तहसील में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही।

0 Comments