सोनम वांगचुक के समर्थन में दिल्ली जाने की तैयारी, भाकियू जिलाध्यक्ष के घर पहुंची पुलिस



 सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के शामली जिलाध्यक्ष राहुल चौधरी के आवास पर पुलिस पहुंची। जिलाध्यक्ष ने पुलिस की कार्रवाई को हाउस अरेस्ट बताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की। वहीं, पुलिस ने किसी भी प्रकार की हाउस अरेस्ट की कार्रवाई से इनकार किया है।
थाना क्षेत्र के गांव बनतीखेड़ा निवासी भाकियू जिलाध्यक्ष राहुल चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर बताया कि वह अपने साथियों के साथ सोनम वांगचुक के समर्थन में शांतिपूर्वक दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस उनके आवास पर पहुंच गई। राहुल चौधरी का आरोप है कि उन्हें घर से बाहर जाने से रोक दिया गया, जिसे उन्होंने हाउस अरेस्ट की कार्रवाई बताया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाना किसी भी नागरिक का अपराध नहीं है।
वहीं, बाबरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि राहुल चौधरी को हाउस अरेस्ट नहीं किया गया है। पुलिस केवल उनसे मिलने और बातचीत करने के लिए उनके आवास पर गई थी। किसी भी प्रकार की रोक-टोक या हिरासत की कार्रवाई नहीं की गई।

Post a Comment

0 Comments