कैराना, 20 जुलाई। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 जुलाई, 2026 कर दी है। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित थी।
राज्य हज समिति द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के निर्देश पर स्क्रूटनी-3 के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया की अवधि बढ़ाई गई है, ताकि जिन आवेदकों ने अभी तक अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा नहीं किया है या आवश्यक दस्तावेज अपलोड नहीं कर पाए हैं, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पूर्ण कर सकें। अन्यथा उनके आवेदन पर हज-2027 के लिए विचार नहीं किया जाएगा।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिन इच्छुक आवेदकों के पास वैध अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट उपलब्ध है, लेकिन उन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे हज समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 24 जुलाई तक अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
राज्य हज समिति ने बताया कि हज यात्रियों के चयन के लिए ऑनलाइन डिजिटल रैंडम सेलेक्शन (कुर्रा) 30 जुलाई, 2026 को हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई में आयोजित किया जाएगा। चयन सूची हज समिति की वेबसाइट पर जारी की जाएगी तथा चयनित आवेदकों को एसएमएस के माध्यम से भी सूचना दी जाएगी।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त, 2026 तक 1,52,300 रुपये की प्रथम किस्त हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्धारित खाते में जमा करनी होगी।
उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने सभी इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर लें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या विलंब से बचा जा सके।

0 Comments