तहसील परिसर में हुआ पौधारोपण- अधिकारियों-कर्मचारियों ने लगाए पौधे


कैराना। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 12 जुलाई को प्रस्तावित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की तैयारियों के क्रम में बुधवार शाम बारिश थमने के बाद कैराना तहसील परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार, नायब तहसीलदारों एवं तहसील कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उत्तर प्रदेश शासन के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन अनुभाग-5 द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार 12 जुलाई, 2026 को पूरे प्रदेश में एक ही दिन 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शासन ने सभी जनपदों को व्यापक जनसहभागिता के साथ इस अभियान को उत्सव के रूप में आयोजित करते हुए निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में बुधवार को शाम करीब साढ़े चार बजे बारिश रुकने के बाद कैराना तहसील परिसर में तहसीलदार अर्जुन सिंह चौहान, नायब तहसीलदार सतीश कुमार यादव, नवनियुक्त नायब तहसीलदार आकाश चौधरी, कानूनगो विनोद कुमार सहित तहसील कर्मचारियों ने पौधारोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया। बताया गया कि उप जिलाधिकारी (एसडीएम) शिवाजी यादव प्रशिक्षण के सिलसिले में बाहर होने के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। अधिकारियों ने लोगों से पौधारोपण कर उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments