कैराना। कोतवाली क्षेत्र में मवी हैदरपुर फ्लाईओवर के निकट दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव मामौर निवासी बाईस वर्षीय सुफियान पुत्र नूर मोहम्मद हरियाणा के पानीपत जनपद के निम्बरी स्थित एक कंबल फैक्ट्री में मजदूरी करता था। अपने साथी बीस वर्षीय सौरभ के साथ बाइक से फैक्ट्री जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक मवी हैदरपुर फ्लाईओवर के समीप पहुंची, तभी दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सुफियान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुफियान को मृत घोषित कर दिया। घायल सौरभ का उपचार कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश जारी हैं। मृतक सुफियान चार भाइयों में सबसे बड़ा था, उसकी दो बहनें भी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

0 Comments