पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार शाम तेज रफ्तार छोटा हाथी वाहन ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए। हादसे में एक युवक को गंभीर चोटें आईं, जिसे जिला अस्पताल शामली से मेरठ हायर सेंटर रेफर किया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग चारा लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आए छोटा हाथी वाहन ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में छोटा हाथी में सवार बिजरोल निवासी सचिन पुत्र प्रेम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल शामली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार विजेंद्र कश्यप पुत्र तिलकराम और जवाहरलाल पुत्र शईराम निवासी अटाली, थाना तितावी, मुजफ्फरनगर को भी चोटें आईं। वहीं छोटा हाथी में सवार मनीष पुत्र प्रेम निवासी बिजरोल और रौनक पुत्र दीपक निवासी अलावलपुर, बागपत भी घायल हुए। सचिन को छोड़कर अन्य सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजा। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाना बाबरी पहुंचाया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

0 Comments