नव निर्मित मंदिर में शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा, वैदिक यज्ञ के बाद हुआ विशाल भंडारा



बाबरी क्षेत्र के पानीपत-खटीमा मार्ग स्थित करौदा हाथी बस स्टैंड के समीप गांव के मुख्य प्रवेश द्वार पर बने नव निर्मित मंदिर में रविवार को शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा एवं मूर्ति स्थापना समारोह श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ, पूजन और प्राण प्रतिष्ठा के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ वैदिक यज्ञ से हुआ। इसके बाद विधि-विधान के साथ भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान श्रीगणेश और भगवान कार्तिकेय एवं नन्दी जी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा एवं स्थापना कराई गई। अनुष्ठान का संचालन आचार्य कुलदीप भारद्वाज और शुभम कुकरेती ने किया। यजमान सरबीर मलिक एवं उनकी पत्नी ने सभी धार्मिक विधियों में भाग लेकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की।
मंदिर निर्माण और समारोह की व्यवस्थाओं में करौदा हाथी के ग्रामीणों ने सामूहिक सहयोग दिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' के जयघोष और भक्ति संगीत से गुंजायमान रहा। प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरबीर सिंह मलिक ने कहा कि नव निर्मित मंदिर गांव की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा और ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता, भाईचारे तथा सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर बिजेंद्र सिंह मलिक, संजीव कुमार, धर्मेंद्र मलिक, सचिन, नरेश मलिक (पूर्व प्रधान), हरबीर सिंह मलिक, देशपाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments