बाबरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य की स्मैक के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई 9 जुलाई की रात बस स्टैंड बुटराडा के पास वाहन चेकिंग के दौरान की।
पुलिस के अनुसार, संदेह होने पर एक बुलेट मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर पूछताछ की गई। थाने लाकर युवक क़ी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 518 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने स्मैक के साथ आरोपित युवक से एक बुलट मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।
थाना बाबरी पर लाकर पुलिस द्वारा क़ी गई पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना नाम मुरसलीन उर्फ काला पुत्र जाकिर, निवासी ग्राम धलपाड़ा, थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर बताया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें जिला सहारनपुर के थाना नुकुड़ में 6, नानौता में 3, मिर्जापुर में 3, रामपुर मनिहारान, गंगोह में 01, चिलकाना में 01,तथा जिला शामली के झिंझाना तथा बाबरी थानों में एक-एक मुकदमा दर्ज है।
बाबरी पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।
आरोपित के खिलाफ थाना बाबरी पर संवैधानिक कार्यवाही क़ी जा रही है।

0 Comments