कैराना। कोतवाली क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने एक युवक पर बहला-फुसलाकर किशोरी को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई और बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
मोहल्ला अफगानान, शिव चौंगी निवासी आसमा पत्नी कल्लू उर्फ अब्दुल हमीद द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार उनकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री 11 जुलाई 2026 को दोपहर करीब दो बजे बिना बताए घर से चली गई। परिजनों का आरोप है कि साहिल नामक युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद युवक ने फोन कर किशोरी को वापस लाने से इनकार कर दिया तथा उससे निकाह कराने की बात कही। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। परिजनों ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी की जान को खतरा हो सकता है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर नाबालिग किशोरी की सकुशल बरामदगी एवं आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस का पक्ष:
मामले में पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर प्रकरण की जांच की जा रही है। नाबालिग किशोरी की तलाश के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

0 Comments