थाना बाबरी की साइबर हेल्पडेस्क टीम की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार एक युवक के 90,299 रुपये वापस कराए गए। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताते हुए कार्रवाई की सराहना की।
गांव गोगवान जलालपुर निवासी संदीप कुमार ने 10 जून 2026 को थाना बाबरी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात साइबर ठग ने उनके क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग करते हुए अमेजन एप के माध्यम से फर्जी तरीके से एप्पल का मोबाइल फोन बुक कर दिया, जिससे उनके खाते से 90,299 रुपये निकल गए।
शिकायत मिलते ही थाना बाबरी की साइबर हेल्पडेस्क टीम सक्रिय हो गई। टीम ने तकनीकी जांच शुरू करते हुए संबंधित बैंक और अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया। लगातार प्रयासों के बाद 24 जुलाई 2026 को पीड़ित की पूरी 90,299 रुपये की राशि वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर संदीप कुमार ने थाना बाबरी पहुंचकर थाना बाबरी की साइबर हेल्पडेस्क टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की प्रशंसा की।
साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर धनराशि ट्रांसफर न करें। किसी संदिग्ध लिंक, मोबाइल कॉल, व्हाट्सएप संदेश, सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश, लॉटरी, केवाईसी अपडेट, पार्ट-टाइम जॉब या अन्य आकर्षक ऑफर के झांसे में न आएं। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर निकटतम थाना अथवा साइबर हेल्पडेस्क से संपर्क करें।

0 Comments