करीब 69 करोड़ के विकास कार्यों को मिली मंजूरी, मूल बजट अगली बैठक में होगा पेश, वहीं आधा दर्जन से अधिक सभासदों ने किया किनारा बना चर्चा



कैराना। नगर पालिका परिषद कैराना की विशेष बोर्ड बैठक मंगलवार को पालिका अध्यक्ष शमशाद अहमद की अध्यक्षता में पालिका सभागार में आयोजित हुई। बैठक में नगर के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रकाश, सफाई, जलकल एवं निर्माण विभाग से संबंधित लगभग 69 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई। हालांकि, वर्ष 2026-27 के मूल बजट का प्रस्ताव गणपूर्ति (कोरम) के अभाव में पारित नहीं हो सका, जिसे अब आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।


नगर पालिका परिषद की ओर से नई स्ट्रीट लाइटें लगाने, विद्युत पोल स्थापित करने, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जलकल विभाग के विभिन्न कार्यों तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सड़क, नाला एवं नाली निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। विचार-विमर्श के बाद इन सभी विकास कार्यों को मंजूरी दे दी गई। बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने किया। प्रेस नोट के अनुसार प्रस्ताव संख्या-02, जो वर्ष 2026-27 के मूल बजट से संबंधित था, गणपूर्ति के अभाव में पारित नहीं किया जा सका। इसे अगली बोर्ड बैठक में पुनः प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकृत कर लिए गए। बैठक में सभासदों के अलावा अवर अभियंता (सिविल) राहुल कुमार, अवर अभियंता (जल) हिमांशु नारायण सहित नगर पालिका के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

--

Post a Comment

0 Comments