झिंझाना। हजरत इमाम नासिरुद्दीन सब्जवारी शहीद के 860वें सालाना उर्स मुबारक के अवसर पर शनिवार देर रात आयोजित ऑल इंडिया मुशायरे में देशभर से आए नामचीन शायरों ने अपने बेहतरीन कलाम से महफिल को यादगार बना दिया। देर रात शुरू हुआ मुशायरा रविवार सुबह करीब चार बजे तक चला और हर शेर पर श्रोताओं ने तालियों और "वाह-वाह" के साथ भरपूर दाद दी।
मुशायरे की अध्यक्षता मोहम्मद अली ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन कैराना सांसद इकरा हसन ने फीता काटकर किया, जबकि नौशाद ठेकेदार और कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने शमा रोशन कर मुशायरे का शुभारंभ कराया।
मुशायरे की शुरुआत खुर्शीद हैदर ने नात-ए-पाक से की। इसके बाद जोहर कानपुरी ने देशभक्ति, शबीना अदीब ने वतन और शहीदों की कुर्बानियों, वसीम राजूपुरी ने रिश्तों की अहमियत, रियाज सागर ने भाईचारे और मोहब्बत तथा राधिका मित्तल ने पिता-बेटी के रिश्ते और प्रेम पर आधारित अपनी रचनाएं सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा नौशाद अनगढ़, माजिद देवबंदी, बिलाल सहारनपुरी, सिकंदर हयात गड़बड़, जीशान अल्वी, वसीम कुरैशी और अन्य शायरों ने भी अपने कलाम पेश किए।
इस अवसर पर सांसद इकरा हसन ने भी अपने संबोधन के दौरान कुछ अशआर सुनाए, जिन्हें श्रोताओं ने सराहा।
कार्यक्रम में रवि कुमार खटकड़, मौलाना फरीद, हाजी वकील, साकिब फारुकी, व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष मित्तल, विनोद संगल, रियासत अली ताबिश, काजी शान मियां, पीरजी रईस गंगोह, मोहम्मद उमर, नासिर चौधरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंत में उर्स कमेटी के सज्जादानशीन हाजी अमजद अली, बाबर हुसैन कुद्दूसी और सफदर अल्वी ने सभी अतिथियों, शायरों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।

0 Comments