अभाविप कैराना नगर इकाई द्वारा 78वें स्थापना दिवस पर विचार संगोष्ठी का आयोजन


कैराना। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, कैराना नगर इकाई द्वारा परिषद के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में "युवाओं की राष्ट्र के पुनर्निर्माण में अहम भूमिका" विषय पर विचार संगोष्ठी का आयोजन लाला नरसिंह दास सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कैराना में किया गया।
     कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आकाश चौधरी नायब तहसीलदार, कैराना, मुख्य वक्ता प्रांत सहमंत्री आर्यन प्रजापति, कार्यक्रम अध्यक्ष सुशील त्यागी, कार्यक्रम संयोजक आकाश भारती विभाग संयोजक, मुजफ्फरनगर विभाग तथा छात्रा प्रतिनिधि बहन आंचल तंवर जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
      कार्यक्रम का मंच संचालन नगर मंत्री वंश कुमार ने प्रभावशाली एवं ऊर्जावान शैली में किया। मंच संचालन के दौरान उन्होंने राष्ट्रकवि दुष्यंत कुमार की प्रसिद्ध पंक्तियाँ—
   "हो गई है पीर पर्वत-सी, पिघलनी चाहिए,
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।
मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही,
हो कहीं भी आग, लेकिन आग जलनी चाहिए।"

—का ओजस्वी वाचन कर उपस्थित विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना एवं नवऊर्जा का संचार किया।
    मुख्य वक्ता आर्यन प्रजापती ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्र के पुनर्निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि राष्ट्रहित, समाजसेवा, चरित्र निर्माण और नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए भी निरंतर कार्य करें। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय भागीदारी का सशक्त मंच प्रदान करती है।
      कार्यक्रम संयोजक आकाश भारती ने अपने ओजस्वी वक्तव्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्थापना, कार्यपद्धति, उद्देश्य एवं राष्ट्र निर्माण में परिषद की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को परिषद के सेवा, संगठन और राष्ट्र प्रथम के विचार से परिचित कराते हुए उन्हें समाज एवं राष्ट्रहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
    मुख्य अतिथि आकाश चौधरी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मक सोच के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
    कार्यक्रम अध्यक्ष सुशील त्यागी ने अपने आशीर्वचन में विद्यार्थियों को देशहित सर्वोपरि रखने का संदेश देते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से सक्रिय रूप से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
     कार्यक्रम के सफल आयोजन में हर्षित, रोहन, रूपेश, ऋषभ, रोहित व देव सहित सभी कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। उनकी मेहनत एवं समर्पण से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
     अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Post a Comment

0 Comments