कैराना की बिजली व्यवस्था सुधरेगी, 5 एमवीए क्षमता वृद्धि को मिली मंजूरी


- व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने एमडी से की मुलाकात, 15 दिन में कार्य पूरा कराने के निर्देश
- नए 20 एमवीए बिजलीघर व ओवरलोड ट्रांसफार्मरों पर भी मिला आश्वासन

कैराना। नगर की बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (पंजी.) कैराना के पदाधिकारियों ने बुधवार को पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता से मेरठ में मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान एमडी ने व्यापार मंडल की लंबे समय से उठाई जा रही 5 एमवीए क्षमता वृद्धि की मांग स्वीकृत होने की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को 15 दिन के भीतर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।


उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष विपुल कुमार जैन एवं नगर महामंत्री रामकुमार सिंघल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एमडी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि कैराना के देवी मंदिर स्थित 20 एमवीए बिजलीघर पर 30 एमवीए से अधिक विद्युत भार होने के कारण पिछले करीब एक माह से उपभोक्ताओं को भीषण बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में लगातार विद्युत कटौती होने से व्यापारियों, उद्योगों और आम नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
एमडी रविश गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि व्यापार मंडल द्वारा पूर्व में ऊर्जा निगम, लखनऊ को भेजे गए 5 एमवीए क्षमता वृद्धि संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने तत्काल संबंधित निर्माण अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर 5 एमवीए क्षमता वृद्धि का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के अतिभारित ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा कैराना में बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए नए 20 एमवीए बिजलीघर की स्थापना की मांग भी उठाई। इस पर एमडी ने ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की समस्या के समाधान तथा नए 20 एमवीए बिजलीघर के प्रस्ताव को आगामी बिजनेस प्लान में शामिल कराने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में नगर अध्यक्ष विपुल कुमार जैन, नगर महामंत्री रामकुमार सिंघल, शुभम सिंघल एवं रणबीर कश्यप मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments