कैराना। शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अंश त्रुटि/अंश सुधार अभियान के तहत अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सतेंद्र सिंह ने बुधवार को तहसील कैराना के ग्राम कंडेला एवं मन्ना माजरा का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के सुधार कार्य की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को त्रुटिरहित और समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपालों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा अभिलेखों में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व अभिलेखों में शुद्धता सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए प्रत्येक प्रविष्टि का सावधानीपूर्वक सत्यापन कर ही सुधार किया जाए।
इस अवसर पर एसडीएम शिवाजी यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने भी राजस्व कर्मियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान पूरी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारी एवं संबंधित लेखपाल उपस्थित रहे।

0 Comments