विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के सेवा सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को बाबरी क्षेत्र के गांव महावतपुर स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को दंत रोगों संबंधी निशुल्क परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयों का भी वितरण किया गया। शिविर में करीब 40 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।
इस अवसर पर मेरठ प्रांत के संभाग संगठन मंत्री अनूप कुमार ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सेवा, संस्कार और संगठन के मूल मंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य, सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ऐसे कार्यक्रम जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के साथ समाज में सेवा भाव को भी मजबूत करते हैं।
चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे लोगों को दांतों की नियमित साफ-सफाई, संतुलित आहार अपनाने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी।
शिविर के दौरान संगठन के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी ओमवीर सिंह, पंकजदीप, भारत, बिन्नी राणा, आकाश शर्मा, अर्जुन, वीरेंद्र सिंह और रोहित त्यागी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन "नर सेवा ही नारायण सेवा है" के संदेश के साथ हुआ।

0 Comments