थाना बाबरी की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार युवक के 30 हजार रुपये वापस कराकर एक बार फिर साइबर अपराधों के प्रति पुलिस की सक्रियता का परिचय दिया। रुपये वापस मिलने पर पीड़ित ने शामली पुलिस और साइबर हेल्पडेस्क टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार ग्राम बंतीखेड़ा निवासी अजय कुमार पुत्र धर्मवीर सिंह ने 17 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उससे 30 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। शिकायत मिलते ही साइबर हेल्पडेस्क टीम ने तकनीकी और विधिक कार्रवाई शुरू करते हुए संबंधित बैंक एवं अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया।
टीम के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप रविवार को पीड़ित के खाते में ठगी गई पूरी 30 हजार रुपये की राशि वापस करा दी गई। धनराशि मिलने के बाद अजय कुमार थाना बाबरी पहुंचे और पुलिस अधीक्षक सहित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं साइबर हेल्पडेस्क टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी, निवेश, लॉटरी, केवाईसी अपडेट, पार्ट-टाइम जॉब या अन्य किसी भी आकर्षक ऑफर के नाम पर अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में आकर धनराशि ट्रांसफर न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक, मोबाइल कॉल, व्हाट्सएप संदेश या सोशल मीडिया संदेश पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।

0 Comments