थाना बाबरी पुलिस और शामली सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोबाइल और नकदी लूट की वारदात का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, दो हजार रुपये की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम कैड़ी निवासी जुनैब पुत्र इस्लाम ने शनिवार को थाना बाबरी में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात बदमाशों ने उससे मोबाइल फोन और नगदी लूट ली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बाबरी पुलिस और सर्विलांस टीम को खुलासे के लिए लगाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार को बुटराड़ा निवासी समीर पुत्र इरफान तथा भैसनी इस्लामपुर निवासी सवान उर्फ मोटा पुत्र हसरत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने लूट की घटना स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया वीवो मोबाइल फोन, दो हजार रुपये की नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments