रेहड़ा चालक से मारपीट, नकदी लूटने का आरोप, अज्ञात पर मुकदमा दर्ज



कैराना। रेहड़ा चालक के साथ मारपीट, नकदी छीनने और मोबाइल फोन तोड़ने के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


कोतवाली में मोहल्ला आलकला मायापुर रोड निवासी याकूब पुत्र रफीक ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोप है कि गत 4 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपना रेहड़ा लेकर कांधला बस स्टैंड के निकट खड़ा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक तेज गति और लापरवाही से आते हुए उसके रेहड़े में टक्कर मारकर गिरा दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि एक युवक ने धारदार वस्तु से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। मारपीट में उसके दो दांत भी टूट गए तथा शरीर पर अन्य गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि बाद में आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया तथा जेब में रखे 11,700 रुपये निकाल लिए गए।
शोर-शराबा होने पर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। जाते समय आरोपी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments