पूर्व खाद्य निगम चेयरमैन रियासत राणा के बेटे को गोली मारने का आरोप, पांच नामजद समेत सात पर मुकदमा दर्ज



कैराना। उत्तर प्रदेश खाद्य एवं रसद निगम के पूर्व चेयरमैन रियासत राणा के पुत्र बिलाल राणा को गोली मारने और मारपीट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद समेत सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


कोतवाली में मोहल्ला आलकलां, मायापुर रोड निवासी ताहिरा पत्नी रियासत राणा द्वारा मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी कृषि भूमि गांव मन्नामाजरा में स्थित है। आरोप है कि खेत पर रखे विद्युत ट्रांसफार्मर को कुछ दिन पूर्व चोरी की नीयत से हटाकर छिपा दिया गया था। शिकायत के बाद बिजली विभाग के हस्तक्षेप से ट्रांसफार्मर दोबारा मौके पर रखवाया गया था। आरोप है कि गत 11 जून की शाम उसका पुत्र बिलाल राणा खेत पर ट्रांसफार्मर देखने पहुंचा था। तभी ताहिर, राशिद पुत्रगण जहर हसन, जुल्फाना पत्नी राशिद, नाहिद पुत्र राशिद निवासी मोहल्ला बिसातियान तथा दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने बिलाल को धमकाते हुए उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसकी टांग में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। आरोप है कि फायरिंग के बाद आरोपियों ने घायल बिलाल के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और उसे गंभीर अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद एवं दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

----

Post a Comment

0 Comments