दिल्ली देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर हाईवे पर बाबरी क्षेत्र के गोगवान के पास एक तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी चालक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें पहले सीएचसी थानाभवन और बाद में हायर सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के शाहदरा निवासी अंकित बवेजा ने बाबरी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके मामा राजेश कुमार 13 जून को अपनी कार से दिल्ली से देहरादून जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे जब उनकी कार बाबरी क्षेत्र के गोगवान के निकट दिल्ली-देहरादून हाईवे पर पहुंची, तभी सामने से रॉन्ग साइड से आ रही एक महिंद्रा एक्सयूवी ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाभवन पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें देहरादून के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर बाबरी पुलिस ने अज्ञात एक्सयूवी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस वाहन और चालक की पहचान कर मामले की जांच में जुटी है।

0 Comments