अलशिफा मेडिकल स्टोर के स्वामी डॉ. सैयद जुल्फिकार का निधन, शहर में शोक की लहर


कैराना, 10 जून (अज़मतुल्लाह खान)। अलशिफा मेडिकल स्टोर के स्वामी तथा उर्दू साहित्य से जुड़े प्रसिद्ध सामाजिक एवं साहित्यिक व्यक्तित्व डॉ. सैयद जुल्फिकार का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही मोहल्ला छड़ियां सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।

डॉ. सैयद जुल्फिकार अपने मिलनसार स्वभाव, सौम्य व्यवहार और खुशमिजाजी के कारण लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। मूल रूप से मोहल्ला छड़ियां से संबंध रखने वाले डॉ. जुल्फिकार वर्तमान में कोतवाली के पीछे स्थित अपने आवास पर रह रहे थे। उन्हें उर्दू भाषा एवं साहित्य से विशेष लगाव था, जिसके कारण साहित्यिक जगत में भी उनका सम्मानजनक स्थान था।

परिजनों के अनुसार मंगलवार तड़के अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें करीब चार बजे शामली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

मृतक के बड़े पुत्र वर्तमान में उज्बेकिस्तान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। उनके निधन पर सामाजिक, साहित्यिक एवं व्यापारिक संगठनों के साथ-साथ नगरवासियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

जनाजे की नमाज अदा किए जाने के बाद उन्हें कांधला स्टैंड स्थित नूरी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

Post a Comment

0 Comments