कैराना। पुलिस ने जानलेवा हमले के मामलों में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।


पुलिस के अनुसार गत 15 फरवरी 2026 को भूरा बाईपास पर आबिद निवासी मोहल्ला खैलकला के साथ कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से मारपीट की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दहशत फैलाने का प्रयास भी किया गया था। वहीं 4 मार्च 2026 को गांव जहानपुर निवासी सादिक के साथ भी मारपीट और जानलेवा हमला किया गया था। दोनों मामलों में थाना कैराना पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैराना पुलिस ने मंगलवार को आरोपी उजैफा पुत्र दिलशाद निवासी मोहल्ला आलखुर्द, कैराना को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।