पीएनबी शाखा में भाकियू का हंगामा, किसानों को परेशान करने का आरोप


कैराना। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की कैराना शाखा में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने पहुंचकर शाखा प्रबंधक का घेराव किया। भाकियू नेताओं ने बैंक प्रबंधन पर किसानों के कार्यों में अनावश्यक देरी और मनमानी करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
मंगलवार को भाकियू (टिकैत) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पीएनबी शाखा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शाखा प्रबंधक से किसानों को बैंकिंग कार्यों में आ रही समस्याओं को लेकर वार्ता की। किसान नेताओं का आरोप था कि किसानों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाकियू नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों के साथ इसी प्रकार का व्यवहार जारी रहा और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन बैंक परिसर में धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि अन्नदाता का सम्मान सर्वोपरि है और किसानों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यूनियन नेताओं ने बैंक अधिकारियों से किसानों के कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न करने की मांग की। इस दौरान प्रदेश कमेटी सदस्य चौधरी बंटी, मंडल महासचिव पुष्कर सैनी, मंडल सचिव गय्यूर हसन, प्रदेश मंडल युवा अध्यक्ष राजेश, जिला सचिव चौधरी गुरदीप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष इंतजार प्रधान, नगर अध्यक्ष इनाम कालू, तहसील अध्यक्ष मिंटू सैनी, महामंत्री फैजान अहमद, उपाध्यक्ष नईम मिर्जा, इरफान सलमानी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments