कैराना। किसान ने सरकारी सिंचाई नाली पर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए उप जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है। किसान का कहना है कि नाली अवरुद्ध होने से उसके खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे उसे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के गांव बुच्चाखेड़ी निवासी तिरसपाल पुत्र बारू ने एसडीएम को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसकी कृषि भूमि खसरा संख्या 814 पर स्थित है, जिसकी सिंचाई सरकारी नाली से होती है। आरोप है कि गांव के ही सुमित पुत्र ब्रह्म सिंह ने सरकारी नाली पर अवैध कब्जा कर उसमें यूके लिपटिस व सफेदा के पेड़ लगा दिए हैं। इतना ही नहीं, नाली के ऊपर पशुओं के लिए एक छप्परनुमा होदी भी बना ली गई है, जिससे नाली का प्रवाह बाधित हो गया है।
पीड़ित किसान का आरोप है कि कई बार समझाने और कब्जा हटवाने की मांग करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। उल्टा आरोपी ने कब्जा न हटाने की बात कहते हुए प्रशासन से ही कार्रवाई कराने की चुनौती दी है। किसान का कहना है कि नाली अवरुद्ध होने से खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसान ने एसडीएम से मामले की जांच कराकर सरकारी नाली को अवैध कब्जे से मुक्त कराने तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
----

0 Comments