कैराना। क्षेत्र के गांव में एक महिला ने आधा दर्जन लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
गांव इस्सापुर खुरगान निवासी नसीम पत्नी वकील अली ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि गत शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह अपने घर पर मौजूद थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही कई लोग उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह घायल हो गई। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान घर में मौजूद बच्चों और परिजनों में भी दहशत फैल गई। घटना के बाद परिवार भय और सदमे की स्थिति में है। पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
----

0 Comments