कैराना। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को कैराना नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र पूरी तरह योगमय नजर आए। विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक स्थलों एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संकल्प लिया। इस वर्ष की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" के अनुरूप लोगों को योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का संदेश दिया गया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
विभिन्न कार्यक्रमों में वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण बढ़ते तनाव, अवसाद और शारीरिक समस्याओं के बीच योग सबसे प्रभावी समाधान बनकर उभरा है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है।
राजकीय महाविद्यालय में योग शिविर व संगोष्ठी
विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में योग शिविर एवं "मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य प्रबंधन में योग की भूमिका" विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. हरेंद्र सिंह ने भारतीय संस्कृति में योग की महत्ता एवं उसके सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पक्षों पर प्रकाश डाला। डॉ. डॉली ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पृष्ठभूमि एवं इस वर्ष की थीम की जानकारी दी, जबकि एनसीसी प्रभारी डॉ. रामकुमार ने विद्यार्थियों को योग शपथ दिलाई। योग प्रशिक्षक नवीन चंद्रा ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।
--
भारतीय योग संस्थान के आयोजन में उमड़ी भीड़
डी.के. कॉन्वेंट स्कूल में भारतीय योग संस्थान कैराना द्वारा आयोजित योग दिवस समारोह में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों साधक-साधिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में योग, प्राणायाम एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि स्वामी योग चिन्मय ने योग को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए नियमित अभ्यास पर जोर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न योग शिक्षकों ने योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।
--

0 Comments