श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) ए.एस. गणेश तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
शामली में आयोजित बैठक में अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात संचालन, रूट डायवर्जन, भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और अंतरजनपदीय व अंतरराज्यीय सहयोग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर प्रमुख चौराहों, कांवड़ शिविरों, विश्राम स्थलों, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, सीसीटीवी कवरेज तथा आपातकालीन निकासी मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके अलावा एम्बुलेंस सेवाओं और पुलिस बल की प्रस्तावित तैनाती का भी आकलन किया गया।
एडीजी और डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं के निर्बाध आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संभावित अवरोधों को समय रहते दूर किया जाए तथा सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम समय से पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि लाखों शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

0 Comments