पैतृक जमीन पर कब्जे के प्रयास का आरोप, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी



थाना बाबरी क्षेत्र के गांव बनतीखेड़ा में पैतृक भूमि पर कथित कब्जे के प्रयास और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर बाबरी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव बनतीखेड़ा निवासी कवरसैन पुत्र ब्रह्मसिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भतीजे सलेकचंद पुत्र स्वर्गीय सत्यपाल सिंह वर्तमान में रुड़की में रहकर नौकरी करते हैं। उनकी गांव स्थित खाली पैतृक जमीन पर गांव के ही सुधीर उर्फ संजू पुत्र ब्रजपाल ने बिना अनुमति पौधे लगा दिए। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया और पौधे लगाने से मना किया तो आरोपी कथित रूप से आगबबूला हो गया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए कवरसैन को जान से मारने और गोली मारने की धमकी दी। पीड़ित का यह भी कहना है कि आरोपी अक्सर नशे की हालत में रहता है, जिससे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। बाबरी थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments