महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को थाना बाबरी क्षेत्र के बुटराडा बस स्टैंड पर एंटी रोमियो टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान बस स्टैंड पर मौजूद महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मी साधना, कल्पना माथुर एवं शशी ने महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या अन्य आपात स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस हर समय तत्पर है और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाती है।
महिला पुलिसकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112,चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की।
अभियान के दौरान महिलाओं ने भी सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में निडर होकर अपनी बात पुलिस तक पहुंचा सकें।

0 Comments