कैराना। नगर में बैंक के निकट खड़ी बाइक चोरी कर ले जाने तथा बाद में सबूत मिटाने की नीयत से उसमें आग लगाने के आरोप में पुलिस ने नामजद युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम जहानपुरा निवासी साजेज पुत्र जमील ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 31 मई 2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल UP19X-7450 से कैराना आया था। उसने अपनी बाइक कैनरा बैंक के सामने स्थित गली में एक दुकान के पास खड़ी कर दी और कुछ दूरी पर खड़ा होकर बातचीत करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ला आलकल निवासी कैफ पुत्र असरफ उसकी बाइक चोरी की नीयत से लेकर फरार हो गया।
पीड़ित के अनुसार उसने आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन वह मोटरसाइकिल लेकर भाग निकला। काफी तलाश के बाद उसे जानकारी मिली कि आरोपी ने पहचान और सबूत मिटाने की नीयत से मोटरसाइकिल में आग लगा दी है और उसे ठिकाने लगाने का प्रयास कर रहा है। बाइक की तलाश में जुटे रहने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

0 Comments