युवाओं के लिए नेतृत्व के अवसर तैयार करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता : मुफ्ती अतहर शम्सी



कैराना। 
अल कुरआन अकादमी कैराना के निदेशक मुफ्ती अतहर शम्सी ने कहा है कि किसी भी समाज और राष्ट्र का भविष्य उसके युवाओं की बौद्धिक, नैतिक और नेतृत्व क्षमता पर निर्भर करता है। यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन, बेहतर शिक्षा और नेतृत्व के अवसर प्रदान किए जाएं तो वे न केवल अपने जीवन को सफल बना सकते हैं, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने एक बयान में कहा कि आज के दौर में युवाओं को केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करने वाला जिम्मेदार नागरिक बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वास्तविक नेतृत्व किसी पद, सत्ता या प्रतिष्ठा का नाम नहीं है, बल्कि सेवा, ईमानदारी, न्याय और जवाबदेही का दूसरा नाम है।

मुफ्ती अतहर शम्सी ने कहा कि इस्लाम नेतृत्व को एक महत्वपूर्ण अमानत मानता है। पवित्र कुरआन और पैगंबर हजरत मुहम्मद ( स ०) की शिक्षाएं युवाओं को ज्ञान प्राप्त करने, उत्तम चरित्र निर्माण करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कुरआन की शिक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि अल्लाह लोगों को आदेश देता है कि अमानतें उनके हकदारों तक पहुंचाई जाएं और लोगों के बीच निर्णय करते समय न्याय किया जाए। यह शिक्षा बताती है कि नेतृत्व के साथ जिम्मेदारी, ईमानदारी और न्याय का पालन करना भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज गलत सूचनाओं, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और सामाजिक विभाजन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में युवाओं को केवल दर्शक बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनकर आगे आना चाहिए।

मुफ्ती अतहर शम्सी ने कहा कि युवा पीढ़ी की बौद्धिक और नेतृत्व क्षमता का विकास ही एक मजबूत, स्थिर और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। जो समाज अपने युवाओं पर विश्वास करता है और उनकी प्रतिभाओं को निखारने के लिए अवसर उपलब्ध कराता है, वही विकास और सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है। इसलिए शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और समाज के सभी वर्गों को युवाओं के लिए नेतृत्व के अवसर तैयार करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

Post a Comment

0 Comments