कैराना। कैराना के चर्चित वलीमा बीफ कांड में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। दूल्हे और उसके मामा की गिरफ्तारी के बाद अब मुगल गार्डन मैरिज होम के संचालक को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
गत गुरुवार को मोहल्ला रेतेवाला स्थित मुगल गार्डन मैरिज होम में आयोजित वलीमे की दावत में कथित रूप से गोमांस परोसे जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की थी। मौके से गोमांस से बने व्यंजन बरामद होने के बाद पुलिस ने दूल्हे फरमान और उसके मामा सलमान को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने इस्सापुर खुरगान के जंगल से गोवंश अवशेष, पशु वध में प्रयुक्त उपकरण तथा करीब दस किलोग्राम गोमांस बरामद किया था। घटना में प्रयुक्त दहेज में मिली नई स्कॉर्पियो कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया था।
मामले में दर्ज मुकदमे में नामजद मुगल गार्डन मैरिज होम के संचालक अनीस अहमद निवासी मोहल्ला ख्वाजबख्श को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब शेष फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
--
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को जनपद प्रभारी राजकुमार सिंह के नेतृत्व में फॉरेंसिक टीम मुगल गार्डन मैरिज होम पहुंची। टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। इससे पूर्व फॉरेंसिक टीम इस्सापुर खुरगान के जंगल में भी पहुंचकर कथित गोकशी से जुड़े साक्ष्य संकलित कर चुकी है। वहीं, राजस्व विभाग की टीम द्वारा भी मैरिज होम की पैमाइश किए जाने की चर्चा बनी रही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
--
इन्होंने कहा...
"मैरिज होम संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।"
— समयपाल अत्री, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली कैराना

0 Comments